भखारा। धमतरी जिले की भखारा तहसील के नागरिकों को पंजीयन सेवाओं के लिए अब दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नवीन उप पंजीयक कार्यालय की शुरुआत की गई है। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने 13 नवंबर को भखारा में इस कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वित्त तथा पंजीयन मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में प्रदेश में पंजीयन सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुरू हुआ यह कार्यालय प्रदेश का 121वां और धमतरी जिले का चौथा उप पंजीयक कार्यालय है।
73 गांवों के नागरिकों को मिलेगी सुविधा
नवीन कार्यालय के प्रारंभ होने से भखारा तहसील के 73 गांवों के नागरिकों को अब स्थानीय स्तर पर ही जमीन एवं संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों के पंजीयन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे लोगों को पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य दूरस्थ कार्यालयों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय, श्रम और आवागमन के खर्च में भी बचत होगी।
कैलाश साहू ने कराया पहला विक्रय विलेख पंजीयन
कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर रायपुर निवासी कैलाश साहू ने पहला विक्रय विलेख पंजीयन कराया। खास बात यह रही कि पंजीयन के साथ ही नामांतरण की प्रक्रिया भी तत्काल पूरी की गई। विधायक अजय चंद्राकर ने उन्हें बी-1 एवं खसरा की प्रति प्रदान की। कैलाश साहू ने नई सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि भखारा में कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को पंजीयन कार्यों के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।
इस अवसर पर जिला पंजीयक आशु अग्रवाल ने कहा कि नवीन उप पंजीयक कार्यालय से क्षेत्रवासियों को घर के नजदीक पंजीयन सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे नागरिकों को बार-बार दूरस्थ कार्यालयों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में भखारा-भठेली नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।