जामगांव आर। दुर्ग जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामगांव आर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.5 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मंदिर के पास ग्राहक तलाशकर गांजा बेचने की फिराक में था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल को सूचना मिली थी कि ग्राम बटरेल स्थित राजा तालाब शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ताराचंद देवांगन (50) निवासी तरिया पारा, ग्राम बटरेल बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से लाल रंग की प्लास्टिक बोरी बरामद हुई, जिसमें 2.500 किलोग्राम गांजा मिला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 1300 रुपए नकद और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा देवानंद सोनवानी नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने इस आधार पर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक कार्रवाई के लिए आगे बढ़ाया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।