
रायपुर, 27 मई 2026। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामले के आरोपी सहदेव मालिक को ओडिशा से गिरफ्तार कर रायपुर ले आई है। आरोपी पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के PA के रूप में खुद को पेश कर विधायक को झांसे में लेने का आरोप है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी सहदेव मालिक को ओडिशा के पुरी जिले के अस्तरंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और उसकी लोकेशन लगातार ट्रैक की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य इनपुट्स के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने राजनीतिक पहचान और प्रभाव का हवाला देकर भाजपा विधायक को भरोसे में लिया और ठगी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें शुरुआती स्तर पर ही कई अहम सुराग हाथ लगे थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर रायपुर लाया गया है। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े ठगी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और पूछताछ में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि आरोपी ने किस तरीके से विधायक को अपने जाल में फंसाया, ठगी की रकम कितनी थी और क्या वह पहले भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहा है।