
बिलासपुर, 27 मई 2026। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। बिलासपुर दौरे के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, कानून व्यवस्था और धार्मिक मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर तंज कसते हुए बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री जनता को पेट्रोल बचाने और सोना नहीं खरीदने की सलाह देते हैं, लेकिन खुद लगातार विदेश दौरों में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब प्रधानमंत्री “मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ” वाले पीएम बन गए हैं।
धर्म और राजनीति के मुद्दे पर भी भूपेश बघेल ने टिप्पणी की। उन्होंने रामभद्राचार्य और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जिक्र करते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री, रामभद्राचार्य के चेले हैं, इसलिए वे उनसे पेट्रोल-डीजल के दाम कम करवाने की “पर्ची” निकलवा लें। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू का नाम लेते हुए सवाल उठाया कि गौमांस खाने की बात सामने आने के बावजूद उन्हें मंत्रिमंडल में क्यों रखा गया। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कवर्धा में आदिवासी महिला से गैंगरेप, मुख्यमंत्री के क्षेत्र में थाना परिसर में महिला की आत्महत्या और मरवाही में सराफा कारोबारी की हत्या जैसी घटनाएं प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही सुशासन है।
पुलिस कार्रवाई पर हमला बोलते हुए बघेल ने कहा कि प्रदेश की पुलिस सरकार के दबाव में काम कर रही है। सूरजपुर मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता के पास कोई हथियार नहीं मिला और न ही हमला हुआ, इसके बावजूद आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिया गया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पुलिस को “सपना आता है और अपराध दर्ज हो जाता है।” युवाओं की नाराजगी का जिक्र करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि “कॉकरोच जनता पार्टी” जैसे समूहों का उभार भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश का संकेत है। उन्होंने कहा कि चुनाव मैनेज कर जीत हासिल की जा सकती है, लेकिन युवाओं में सरकार के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।