अहिवारा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण अहिवारा में बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ किया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की विशेष उपस्थिति रही। उनके साथ जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक भी सक्रिय रूप से कार्यक्रम में शामिल रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को सुना और आत्मसात किया।
‘मन की बात’ के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने जनभागीदारी को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने, युवा शक्ति और नवाचार को बढ़ावा देने तथा महिला सशक्तिकरण को देश की प्रगति का आधार बताया। साथ ही “वोकल फॉर लोकल” के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर कीर्ति नायक ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज के हर वर्ग को जोड़ने वाला प्रेरणास्रोत है और प्रधानमंत्री के विचार हमें सेवा भाव एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की निरंतर प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भारत को स्वच्छ, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने तथा प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।