पाटन महाविद्यालय में प्रवेश और अध्यापन प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी — छात्रों के समग्र विकास को मिल रही प्राथमिकता : डॉ. नंदा गुरवारा

पाटन। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देश एवं हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप शासकीय महाविद्यालय पाटन में प्रवेश प्रक्रिया और अध्यापन कार्य सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है। प्राचार्य डॉ. नंदा गुरवारा ने जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP) के तहत बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., बीसीए, एम.ए., एम.एससी., पीजीडीसीए, डीसीए प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर सहित अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।

डॉ. गुरवारा ने बताया कि तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों को डीएसई, जीई और वैक विषयों के चयन हेतु उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। अध्यापन कार्य नियत समय-सारणी के अनुसार चल रहा है। महाविद्यालय छात्रहित को सर्वोपरि मानते हुए स्थानांतरण प्रमाणपत्र एवं अंकसूचियों का त्वरित वितरण कर रहा है। साथ ही विद्यार्थियों एवं पालकों की समस्याओं के समाधान हेतु हेल्प-डेस्क भी सक्रिय है।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में 13 स्वीकृत चतुर्थ श्रेणी पदों में से केवल एक ही पद पर नियुक्ति है, जिससे सफाई, प्रयोगशाला, परीक्षा कार्य आदि के संचालन में कठिनाई आती है। ऐसे में जनभागीदारी समिति के माध्यम से कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जिससे व्यय भार बढ़ा है। फिर भी इस वर्ष जनभागीदारी शुल्क घटाकर ₹600 कर दिया गया है, जो विगत वर्ष की तुलना में ₹50 कम है।

महाविद्यालय में NEP के सुचारु क्रियान्वयन हेतु अतिरिक्त प्राध्यापकों की नियुक्ति जनभागीदारी मद से की जा रही है। अध्ययन-अध्यापन के साथ-साथ महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, महर्षि वेदव्यास जयंती और वृक्षारोपण कार्यक्रम जैसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। डॉ. नंदा गुरवारा ने कहा कि महाविद्यालय का लक्ष्य केवल शैक्षणिक ज्ञान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है। इसके लिए शैक्षणिक एवं शैक्षणेतर गतिविधियों को निरंतर जारी रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *