जामगांव आर | शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्रथम सेमेस्टर के लिए प्रवेश प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों में नामांकन हेतु विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, जहां अनुभवी प्राध्यापक व वरिष्ठ छात्र नवीन विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी कर दी गई है, जिसे महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल एवं जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेश केला ने इस अवसर पर कहा कि संस्थान गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और अनुशासन के साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा हेल्प डेस्क पर निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।