
रायपुर। पश्चिम बंगाल एवं असम विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय के बाद राजधानी स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रवासी प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जम्वाल जी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन कुमार साय जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद माननीय विजय बघेल जी भी विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक में पश्चिम बंगाल एवं असम विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए संगठनात्मक कार्यों, चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बताया गया कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता पिछले छह माह से लगातार चुनावी मैदान में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाने में जुटे रहे, जिसका परिणाम ऐतिहासिक विजय के रूप में सामने आया।
इस दौरान सभी प्रवासी प्रभारियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के चुनावी अनुभव साझा किए। चर्चा में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति को लेकर भी मंथन किया गया।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यह ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर पार्टी आने वाले समय में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।