YC न्यूज़ डेस्क । भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के एआई समिट में किए गए विरोध प्रदर्शन के खिलाफ शनिवार को दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन किया। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ‘कांग्रेस-राहुल गांधी=गद्दार’ और ‘देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगे’ जैसे पोस्टर लेकर विरोध जताया। मुंबई के मुलुंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए। वे भिवंडी कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे। 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान आरएसएस पर की गई टिप्पणी से जुड़े मामले में उनकी सुनवाई निर्धारित थी। गुजरात के सूरत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन किया, जबकि जम्मू-कश्मीर में भी विरोध प्रदर्शन हुए।
क्या है पूरा मामला?
20 फरवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इंपैक्ट समिट 2026’ के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के 15-20 कार्यकर्ता मंच के पास पहुंचकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन करने लगे। उनके हाथों में सफेद टी-शर्ट थीं, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर के साथ ‘PM is Compromised’ लिखा था। दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर क्यूआर कोड के माध्यम से समिट हॉल में प्रवेश किया। हॉल नंबर 5 के पास उन्होंने जैकेट और स्वेटर उतारकर टी-शर्ट लहराते हुए विरोध किया। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के आरोप भी लगे हैं।
4 कार्यकर्ता गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने चार प्रदर्शनकारियों—कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव—को गिरफ्तार किया है। तिलक मार्ग थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें आपराधिक साजिश, लोक सेवक पर हमला और कार्य में बाधा जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पहले काले छाते पर स्टिकर चिपकाकर अंदर जाने की योजना थी, लेकिन जांच के चलते योजना बदली गई और टी-शर्ट पर स्टिकर लगाए गए। स्टिकर कहां छपे, इसकी जांच जारी है।
भाजपा और अन्य दलों की प्रतिक्रिया
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह सुनियोजित साजिश थी और इसकी योजना राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस के लिए AI का मतलब ‘एंटी-इंडिया’ है। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि इंटरनेशनल समिट में इस तरह का प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करता है। वहीं RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि समिट जैसे मंच पर विरोध करना उचित नहीं था। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि उनके कार्यकर्ता संविधान और युवाओं की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और किसी दबाव से नहीं डरेंगे।
समिट का आयोजन
‘इंडिया AI इंपैक्ट समिट 2026’ का उद्घाटन 16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। 16 से 21 फरवरी तक चले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में दुनियाभर की कंपनियों ने अपने एआई समाधान प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में एआई के कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उपयोग पर विशेष फोकस रहा।