रायपुर, 30 मार्च 2026। प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस नई सेवा से उत्तर छत्तीसगढ़, खासकर अंबिकापुर और सरगुजा संभाग को देश की राजधानी नई दिल्ली तथा कोलकाता से सीधा जुड़ाव मिल गया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच—“हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके”—अब छत्तीसगढ़ में साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हवाई सेवाओं को आम जनता के लिए सुलभ बनाना है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी तेज और सुविधाजनक यात्रा कर सकें। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस नई सेवा से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। सरगुजा क्षेत्र के मैनपाट, तातापानी और जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों तक अब देश के अन्य हिस्सों से पहुंचना आसान होगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि दरिमा एयरपोर्ट से 72-सीटर विमान का संचालन शुरू होने से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के साथ ही प्रदेश में हवाई नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। यह हवाई सेवा एलायंस एयर द्वारा संचालित की जाएगी, जो सप्ताह में चार दिन उड़ान भरेगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार दिल्ली और कोलकाता दोनों रूट पर नियमित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी। उल्लेखनीय है कि दरिमा स्थित माँ महामाया एयरपोर्ट का विकास उड़ान योजना के तहत किया गया है। लगभग 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण के बाद अब यहां एटीआर जैसे बड़े विमान भी उतर सकते हैं। नई हवाई सेवा शुरू होने से सरगुजा संभाग सीधे राष्ट्रीय राजधानी से जुड़ गया है, जिससे स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।