पाटन। नगर पंचायत पाटन की सभापति नेहा बाबा वर्मा ने परिषद बैठक में वार्ड क्रमांक 5 (नया तालाब) और वार्ड क्रमांक 12 (दर्री डबरी) में प्रस्तावित तालाब गहरीकरण के मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। बैठक के दौरान उन्होंने सदन को अवगत कराया कि वार्ड क्रमांक 12 के दर्री डबरी क्षेत्र में पहले से अवैध मुरम खनन की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिस पर स्थानीय नागरिकों ने आपत्ति भी दर्ज कराई है। साथ ही मीडिया में मामला सामने आने के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग भी की गई थी।
नेहा बाबा वर्मा ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में बिना जांच और स्पष्टता के गहरीकरण प्रस्ताव पारित करना उचित नहीं होगा। इससे परिषद की छवि प्रभावित हो सकती है और जनता के बीच गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अवैध गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाया जाना चाहिए और हर विकास कार्य नियमानुसार, पारदर्शी प्रक्रिया एवं वैधानिक स्वीकृति के आधार पर ही होना चाहिए।
परिषद बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने इस विषय पर विस्तृत चर्चा की। चर्चा के बाद किसान हित और जनहित को ध्यान में रखते हुए गहरीकरण कार्य कराने पर सहमति बनी, लेकिन यह स्पष्ट किया गया कि कार्य शासन की गाइडलाइन, विधिवत प्राक्कलन और स्वीकृति मिलने के बाद ही शुरू होगा। श्रीमती वर्मा ने सभी सदस्यों से अपील की कि हर निर्णय पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमों के दायरे में रहकर लिया जाए। उन्होंने कहा कि “जनता ने विश्वास के साथ हमें चुना है और उस भरोसे को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। विकास कार्य जरूर होंगे, लेकिन पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत ही।