अनंत चतुर्दशी 2026: 25 सितंबर को गणेश विसर्जन, जानिए शुभ मुहूर्त और पूजा की विधि

अनंत चतुर्दशी 2026: 25 सितंबर को गणेश विसर्जन, जानिए शुभ मुहूर्त और पूजा की विधि

YC न्यूज़ डेस्क। देशभर में चल रहे 10 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन 25 सितंबर 2026 को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणपति विसर्जन के साथ होगा। भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी तिथि की शुरुआत 24 सितंबर की रात 11:18 बजे से होकर 25 सितंबर की रात 11:08 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार अनंत चतुर्दशी और गणेश विसर्जन 25 सितंबर को ही किया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गणपति बप्पा को विदा करने से पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उनसे सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। मुख्य पूजा के लिए सुबह 6:11 बजे से 11:06 बजे तक का समय बताया गया है।

विसर्जन के लिए ये रहेंगे शुभ चौघड़िया

25 सितंबर को गणेश विसर्जन के लिए दिनभर में अलग-अलग शुभ चौघड़िया बताए गए हैं। प्रातः 6:21 से 10:52 बजे तक चर, लाभ और अमृत मुहूर्त रहेगा। इसके बाद दोपहर 12:23 से 1:53 बजे तक शुभ मुहूर्त रहेगा। सायंकाल 4:54 से 6:25 बजे तक चर मुहूर्त तथा रात 9:24 से 10:53 बजे तक लाभ मुहूर्त रहेगा। देर रात 12:23 बजे से 26 सितंबर की सुबह 4:52 बजे तक शुभ, अमृत और चर मुहूर्त बताया गया है।
बप्पा की विदाई से पहले करें अंतिम पूजा

गणेश प्रतिमा के विसर्जन से पहले पूजा स्थल की शुद्धि कर दीप प्रज्वलित करें। भगवान गणेश को कुमकुम, अक्षत, हल्दी और चंदन का तिलक लगाकर दूर्वा की 21 गांठें तथा मोदक या लड्डू का भोग अर्पित करें।
इसके बाद लाल या पीले वस्त्र में नारियल, गुड़, चावल, मोदक और कुछ सिक्के रखकर पोटली तैयार की जा सकती है। आरती, गणेश चालीसा और “ॐ गं गणपतये नमः” मंत्र का जाप करने के बाद भगवान से पूजा में हुई भूल-चूक के लिए क्षमा याचना की जाती है और अगले वर्ष पुनः पधारने की प्रार्थना के साथ विसर्जन किया जाता है।

निर्धारित घाटों पर ही करें विसर्जन

अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन के दौरान नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्थानीय प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों अथवा कृत्रिम विसर्जन कुंडों में ही प्रतिमा विसर्जित करने की सलाह दी जाती है। यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा जारी स्थानीय निर्देशों का पालन करना भी जरूरी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *