
पाटन। तहसील मानस संघ पाटन के सदस्यों की वृहत बैठक रविवार को आयोजित हुई। बैठक में तहसील मानस संघ का त्रिवार्षिक चुनाव वरिष्ठ मानस मर्मज्ञ एवं पूर्व जिलाध्यक्ष नीलकंठ ठाकुर, नंदकुमार साहू के सानिध्य में संपन्न हुआ। चुनाव प्रभारी रामनारायण वर्मा, लेखनी वर्मा ने सदस्यों को चयन प्रक्रिया के नियमों एवं मानस संघ के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ कराई। तहसील अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष टीकाराम साहू का नाम सर्वसम्मति से सामने आया। उपस्थित सदस्यों ने एकमत से उनके नाम का अनुमोदन किया, जिसके बाद टीकाराम साहू को तहसील मानस संघ पाटन का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
चुनाव के दौरान उपाध्यक्ष कामता प्रसाद साहू, उपाध्यक्ष महिला आरती साहू, सचिव मुरली वैष्णव, सह सचिव युमन साहू, कोषाध्यक्ष कोमल साहू, सह कोषाध्यक्ष हितेंद्र कुमार साहू, मीडिया प्रभारी पुनेश्वर साहू, सह मीडिया प्रभारी दयानंद साहू, संयोजक थानू राम देवांगन, सह संयोजक कृष्णा वर्मा, संयोजक महिला पुष्पांजली साहू, सह संयोजक महिला किरणलता ठाकुर, युवा संगठन मंत्री भुपेश कुमार साहू, संगठन मंत्री महिला चितरेखा मानिकपुरी, मानस प्रसार स्तंभ मनीष चंद्राकर, मानस योग प्रभारी डॉ. गुलाब साहू सहित विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। मीडिया प्रभारी पुनेश्वर साहू, दयानंद साहू ने बताया कि अध्यक्ष टीकाराम साहू के अनुमोदन से शेष पदों पर मनोनयन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। बैठक में लीना साहू, सरस्वती साहू, शकुन चक्रधारी, घनश्याम साहू, ऋषि कौशिक, सनत गजपाल, अरुण कश्यप, भुनेश्वर मंडावी, योगेश सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में मानसजन उपस्थित रहे।
• पद नहीं, रामकाज का दायित्व है अध्यक्ष पद: टीकाराम साहू
इस अवसर पर संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष नीलकंठ ठाकुर ने कहा कि मानस संघ का मूल उद्देश्य रामचरित मानस के पठन-पाठन एवं मानस संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन को और मजबूत करते हुए गांवों में नियमित मानस आयोजन एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। मानस नंदकुमार साहू ने कहा कि संगठन की मजबूती सामूहिक सहभागिता से होती है। नई कार्यकारिणी मानस मंडलियों, मानस प्रेमियों एवं लोक कलाकारों को साथ लेकर मानस की परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नवनियुक्त अध्यक्ष टीका राम साहू ने कहा कि यह दायित्व मेरे लिए केवल एक पद नहीं बल्कि रामकाज में फिर से जुटने का अवसर है।उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि मानस के माध्यम से संस्कार, सद्भाव और सेवा की भावना को गांव-गांव तक पहुंचाना है, उन्होंने कहा कि रामचरित मानस जन-जन तक पहुंचे, मानस परिवार गांव-गांव जुड़े और पाटन की धरती रामभक्ति एवं संस्कार की नई पहचान बने,इस संकल्प के साथ हम सभी मिलकर आगे बढ़ते रहेंगे।
• छह शक्ति केंद्रों के जरिए गांवों तक पहुंच
गौरतलब है कि तहसील अध्यक्ष टीकाराम साहू के नेतृत्व में तहसील मानस संघ पाटन ने ब्लॉक के गांवों तक अपनी पहुंच बनाई है। छह शक्ति केंद्रों में विभक्त तहसील इकाई द्वारा गांवों में मानस आयोजन, रामचरित मानस के पठन-पाठन को बढ़ावा देने तथा मानस मंडलियों, मानस प्रेमियों एवं लोक कलाकारों को एकजुट करने का कार्य किया जा रहा है। संघ ने इन गतिविधियों के माध्यम से जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। टीकाराम साहू की सक्रियता के चलते वे लगातार ब्लॉक के गांवों में आयोजित मानस कार्यक्रमों में प्रवास कर सदस्यों को गतिशील रखने का प्रयास करते हैं। पाटन में मानस संघ के भवन सहित अन्य सुविधाओं के विकास में भी उनकी उल्लेखनीय भूमिका रही है।