LPG संकट पर फूटा गुस्सा : भिलाई-3 के करसा गांव में चक्काजाम, 20 दिन से सप्लाई ठप, शताक्षी गैस एजेंसी पर ग्रामीणों ने लगाया तीखे आरोप

पाटन । क्षेत्र के ग्राम करसा में एचपी गैस सिलेंडर की नियमित सप्लाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खत्म कराया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से गांव में गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो रही है। कई बार गैस एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे घरों में खाना बनाने में परेशानी हो रही है और लोगों को लकड़ी व अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर विरोध जताया। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

ग्रामीणों ने शताक्षी गैस एजेंसी पर आरोप लगाया कि वहां से नियमित सप्लाई नहीं दी जा रही है। एजेंसी की लापरवाही के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले एजेंसी में बाउंसर द्वारा ग्राहकों के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी, जिससे लोगों में पहले से ही नाराजगी थी।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने गैस एजेंसी से बात कर जल्द सप्लाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और ग्रामीणों को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे फिर से उग्र आंदोलन करेंगे और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *