पाटन। जनपद पंचायत पाटन के सामने सैकड़ों मंगलवार को ग्रामीणों एवं मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों ने हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ नहीं मिलने, पेंशन में देरी और मनरेगा के तहत रोजगार नहीं मिलने को लेकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन की खास बात यह रही कि मजदूर अपने साथ फावड़ा और गैंती लेकर पहुंचे, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही पलंग और बिस्तर के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। इससे उनकी नाराजगी साफ तौर पर देखने को मिली।
मजदूरों ने कलेक्टर और सीईओ के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि तय समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे जनपद पंचायत के सामने अनिश्चितकालीन प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मजदूरों को जनपद के मुख्य गेट पर ही रोक दिया और केवल एक प्रतिनिधिमंडल को अंदर जाने की अनुमति दी। इस दौरान तहसीलदार और सीईओ को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं ने जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। इस आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता युगल आडिल , राकेश आदिल, द्रोपदी साहू समेत बड़ी संख्या में सरपंच, पंच और ग्रामीण मजदूर गांव-गांव से पहुंचकर शामिल हुए।