रायपुर, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान करने के साथ सभी टीमों की जर्सी लॉन्च की गई। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने इसकी घोषणा की। लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। ड्रॉ के माध्यम से छह फ्रेंचाइजी को टीमें आवंटित की गईं। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी और एक मुख्य कोच होंगे। लीग में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं। प्रत्येक टीम में चार अतिथि खिलाड़ियों के साथ एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी भी होगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसी प्रतिष्ठित शख्सियत को लीग का एंबेसडर बनाने से युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने हॉकी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए फ्रेंचाइजी और प्रायोजकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। सरदार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और भविष्य के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।
छह फ्रेंचाइजी, छह टीमें
लीग में चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।
मैदान में उतरेंगे छह पूर्व ओलंपियन
लीग में एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर मार्की खिलाड़ियों की भूमिका निभाएंगे। इन अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपने खेल को निखारने और उच्चस्तरीय अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
विजेता को 11 लाख, उपविजेता को छह लाख रुपये
21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में 18 पुरुष मुकाबले खेले जाएंगे। इसके साथ महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मुकाबला भी आयोजित होगा। कुल पुरस्कार राशि 21 लाख रुपये निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को छह लाख रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं। प्लेयर ऑफ द मैच को प्रत्येक मुकाबले में 10 हजार रुपये, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये तथा टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये दिए जाएंगे।
मुफ्त में देख सकेंगे मुकाबले, उद्घाटन में सांस्कृतिक रंग
हॉकी प्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मुकाबलों के बीच प्रतिदिन मनोरंजन कार्यक्रम भी होंगे। स्टेडियम नहीं पहुंच पाने वाले दर्शक जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारण के जरिए मैच देख सकेंगे। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की कला एवं सांस्कृतिक विरासत के साथ देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए प्रदेश की पहचान से जुड़ा विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन भी तैयार की गई है। छत्तीसगढ़ के प्रतीक बाघ को लीग का मस्कट बनाया गया है, जिसका नाम ‘बघवा’ रखा गया है। लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ है। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का आयोजन हॉकी इंडिया से संबंधित अधिकारियों और ऑफिशियल्स की देखरेख में किया जाएगा। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, रेणुका यादव सहित फ्रेंचाइजी और प्रायोजक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।