गातापार के सरकारी स्कूल का कमाल ! हर बच्चा पढ़ता है धारा प्रवाह हिंदी, शिक्षा मंत्री यादव ने प्रधान पाठक भुवनेश्वरी नेताम को संभाग स्तर पर किया सम्मानित

जामगांव आर। संकुल केंद्र बेल्हारी अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गातापार की प्रधान पाठक भुवनेश्वरी नेताम को शाला शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2026 के तहत संभाग स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। 13 अक्टूबर को दुर्ग के खालसा पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने उन्हें सम्मानित कर पुरस्कृत किया। यह सम्मान विद्यालय में शत-प्रतिशत बच्चों के धारा प्रवाह हिंदी पठन की उपलब्धि के लिए प्रदान किया गया।

भुवनेश्वरी नेताम के नेतृत्व और शिक्षकों के सतत प्रयासों से विद्यालय में कक्षा दूसरी से पांचवीं तक के सभी बच्चे धारा प्रवाह हिंदी पढ़ने में सक्षम हैं। उनकी शिक्षण शैली सरल, व्यावहारिक और बाल केंद्रित है। वे शिक्षण सामग्री (TLM) तथा नवाचारी खेल गतिविधियों के माध्यम से कठिन अवधारणाओं को भी सहज और रोचक ढंग से समझाती हैं। इससे बच्चों में विषयों की बेहतर समझ विकसित होने के साथ पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ रही है। FLN, निपुण भारत मिशन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्यों के अनुरूप मूलभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान को मजबूत करने में विद्यालय का प्रयास उल्लेखनीय है। शिक्षकीय ज्ञान के साथ बच्चों में व्यवहारिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास भी किया जा रहा है। यह उपलब्धि अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस उपलब्धि पर संकुल प्राचार्य रीना चौधरी, संकुल समन्वयक कमलेश साहू, गातापार के सरपंच रेवाराम साहू, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष केशव राम ठाकुर, उपाध्यक्ष तालसिंह साहू सहित अन्य गणमान्य जनों ने प्रधान पाठक भुवनेश्वरी नेताम और सहायक शिक्षक झामन लाल सोनवानी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी शैक्षिक गुणवत्ता बनाए रखने और बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने इस सम्मान को बच्चों, अभिभावकों और पूरे गांव की सामूहिक उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *