भिलाई की अनुष्का सोन बनीं मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026, अब राष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगी प्रतिभा

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई की रहने वाली एमबीबीएस छात्रा अनुष्का सोन ने प्रदेश का मान बढ़ाते हुए फेमिना मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अब वह देश की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता फेमिना मिस इंडिया 2026 के 61वें संस्करण के तहत आयोजित की जा रही है। अनुष्का सोन का चयन बहुस्तरीय प्रक्रिया के बाद हुआ। प्रारंभिक चयन कोलकाता में आयोजित किया गया, जहां सैकड़ों प्रतिभागियों में से केवल पांच फाइनलिस्ट चुनी गईं। इसके बाद मुंबई में आयोजित अंतिम ऑडिशन में अनुष्का ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया और खिताब अपने नाम किया। अंतिम चयन के दौरान प्रतिष्ठित जजों की मौजूदगी में विजेता की घोषणा की गई। निर्णायक मंडल में नताशा ग्रोवर, निकिता पोरवाल, गोकुल गणेशन, अल्तमास फराज, सचिन कुम्भार, डॉ. ब्लॉसम कोच्चर और संदीप सोपरकर शामिल रहे।

अब देशभर से चयनित प्रतिभागियों को लगभग एक महीने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद भुवनेश्वर में भव्य ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा, जहां फेमिना मिस इंडिया 2026 का ताज विजेता के सिर सजाया जाएगा। फेमिना मिस इंडिया देश की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसका आयोजन टाइम्स ग्रुप द्वारा किया जाता है। इस मंच पर प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रतिभा और सामाजिक समझ का मूल्यांकन किया जाता है। इसी मंच से आगे बढ़कर ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा, सुष्मिता सेन और मानुषी छिल्लर जैसी हस्तियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अनुष्का सोन की इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है और उनसे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें जताई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *