रायपुर। छत्तीसगढ़ देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (KITG) 2026 की मेजबानी करने जा रहा है। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय खेल आयोजन का आयोजन राज्य के तीन शहरों रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 2000 से अधिक आदिवासी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इन खेलों में कुल 7 पदक स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, तैराकी और कुश्ती शामिल हैं। वहीं मल्लखंभ और कबड्डी को डेमो गेम के रूप में रखा गया है। आयोजन को आदिवासी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रदेश की बात करें तो छत्तीसगढ़ से 201 से अधिक खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जिनमें 111 पुरुष और 90 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। फुटबॉल में पुरुष और महिला खिलाड़ियों की संख्या बराबर (26-26) है। इसके अलावा हॉकी में 43, एथलेटिक्स में 42, तीरंदाजी में 11, तैराकी और वेटलिफ्टिंग में 17-17 तथा कुश्ती में 19 खिलाड़ी शामिल होंगे। खेलों से पहले खिलाड़ियों और कोचों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि उन्होंने अपनी तैयारी पूरी कर ली है और अब उन्हें प्रतियोगिता शुरू होने का इंतजार है। उनका लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन कर अधिक से अधिक पदक जीतना है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षण सुविधाओं और संसाधनों को और मजबूत करने की जरूरत है। कोचों का भी मानना है कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन बेहतर परिणाम के लिए वैज्ञानिक प्रशिक्षण, विशेषज्ञ कोचिंग और मेडिकल सपोर्ट को और मजबूत करना होगा। हॉकी की सीनियर कोच रश्मि ने विश्वास जताया कि टीम मेडल टेबल में अपना स्थान जरूर बनाएगी। वहीं फुटबॉल कोच सरिता खुजूर टोप्पो ने पिछली सफलता को दोहराने की उम्मीद जताई।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने इस आयोजन को आदिवासी युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय खेल ढांचे से जोड़ने में मददगार साबित होगी। यह प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन का अहम हिस्सा है। इससे पहले 23 दिसंबर को बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में खेलों का लोगो, थीम सॉन्ग और मैस्कॉट ‘मोरवीर’ लॉन्च किया गया था। यह प्रतीक आदिवासी संस्कृति, परंपरा और खेल भावना को दर्शाता है।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, भारतीय ओलिंपिक संघ और छत्तीसगढ़ राज्य आयोजन समिति के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।