Army CEE 2026 का नोटिफिकेशन जारी: अग्निवीर व JCO भर्ती के लिए आवेदन आज से शुरू

YC न्यूज़ डेस्क। भारतीय सेना में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इंडियन आर्मी ने अग्निवीर (Agniveer), जूनियर कमीशन अधिकारी (JCO) सहित अन्य रैंकों की भर्ती के लिए ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा Army CEE 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवेदन प्रक्रिया आज 3 फरवरी 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये आवेदन शुल्क तय किया गया है, जिसका भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकेगा। बिना शुल्क जमा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
सेना द्वारा अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) के लिए 10वीं में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं, जबकि टेक्निकल पदों के लिए 12वीं (PCM) में कुल 50 प्रतिशत और प्रत्येक विषय में कम से कम 40 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। क्लर्क/स्टोरकीपर पद हेतु 12वीं में 60 प्रतिशत अंक, ट्रेड्समैन (8वीं/10वीं) के लिए सभी विषयों में 33 प्रतिशत अंक तथा महिला मिलिट्री पुलिस के लिए 10वीं में 45 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं।

भर्ती के लिए आयु सीमा 17.5 वर्ष से 21 वर्ष निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया जाएगा। इसमें सफल उम्मीदवारों को फिजिकल फिटनेस टेस्ट (PFT) और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा।
सेना ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन से पहले आधार कार्ड को मोबाइल नंबर से लिंक कर लें, ताकि डिजिलॉकर के माध्यम से दस्तावेजों का सत्यापन आसानी से हो सके। साथ ही 10वीं की मार्कशीट और हालिया पासपोर्ट साइज फोटो की स्कैन कॉपी पहले से तैयार रखने की भी अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *