महतारी वंदन की 26वीं किश्त जारी होते ही मोबाइल पर गूंजी खुशियों की घंटी, ई-केवाईसी नहीं कराने वालों को जल्द अपडेट कराने की अपील

रायपुर। महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की महिलाओं को एक बार फिर बड़ी आर्थिक राहत मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सोमवार को 26वीं किश्त जारी करते हुए सरकार ने 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपए सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर किए हैं। इस किस्त से 68 लाख 48 हजार 899 महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। राशि जारी होते ही हितग्राही महिलाओं के मोबाइल पर नोटिफिकेशन पहुंचा और घर-घर में खुशी का माहौल देखने को मिला। राज्य सरकार द्वारा यह योजना मार्च 2024 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। योजना के तहत हर महीने महिलाओं को 1000 रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। अब तक इस योजना के माध्यम से महिलाओं को 16 हजार करोड़ रुपए से अधिक (करीब 16,881 करोड़ रुपए) की राशि वितरित की जा चुकी है।

इस बार के भुगतान में नियद नेल्ला नार योजना से जुड़े गांवों की 7773 महिलाओं को भी लाभ मिला है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी योजना का प्रभाव दिख रहा है। वहीं, योजना की निरंतरता बनाए रखने के लिए सरकार ने ई-केवाईसी प्रक्रिया को तेज कर दिया है। यह प्रक्रिया 3 अप्रैल से शुरू होकर 30 जून तक चलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपील की है कि जिन महिलाओं का ई-केवाईसी अभी तक पूरा नहीं हुआ है, वे जल्द इसे अपडेट कराएं ताकि उन्हें योजना की राशि समय पर मिलती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *