Asian Games 2026: नीरू ढांडा के हाथों में तिरंगा,ट्रैप शूटिंग में 2 स्वर्ण और 1 रजत जीतकर रचा इतिहास, समापन समारोह में मिली ध्वजवाहक की जिम्मेदारी

Asian Games 2026: नीरू ढांडा के हाथों में तिरंगा,ट्रैप शूटिंग में 2 स्वर्ण और 1 रजत जीतकर रचा इतिहास, समापन समारोह में मिली ध्वजवाहक की जिम्मेदारी

YC न्यूज़ डेस्क। एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा को समापन समारोह में भारतीय दल का आधिकारिक ध्वजवाहक चुना गया है। 4 अक्टूबर को नागोया सिटी के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में होने वाले समापन समारोह में नीरू तिरंगे के साथ भारतीय दल की अगुवाई करेंगी। ट्रैप शूटिंग में नीरू ढांडा ने इस एशियन गेम्स में दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया है। महिलाओं की टीम ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वह एशियाई खेलों के इतिहास में महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं।

इसके बाद नीरू ने कीनन चेनाई के साथ मिश्रित टीम ट्रैप स्पर्धा में भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 34 अंक हासिल कर नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ध्वजवाहक चुने जाने पर नीरू ढांडा ने इसे अपने लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि तिरंगे के साथ भारतीय दल की अगुवाई करना हर एथलीट का सपना होता है। एशियन गेम्स के समापन समारोह में नीरू ढांडा के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ी परेड ऑफ नेशंस में हिस्सा लेंगे। एक ही प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन करने वाली नीरू के लिए यह सम्मान उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *