17 अगस्त की विशाल बोल बम कांवर यात्रा के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को दिया निमंत्रण, बोले—सनातन आस्था का महापर्व बनेगा आयोजन

17 अगस्त की विशाल बोल बम कांवर यात्रा के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को दिया निमंत्रण, बोले—सनातन आस्था का महापर्व बनेगा आयोजन

पाटन से टोलाघाट तक निकलेगी भव्य कांवर यात्रा, 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की तैयारी; ‘एक मुट्ठी दान, भगवान शंकर के नाम’ अभियान भी शुरू
पाटन। बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य भेंट कर उन्हें 17 अगस्त को आयोजित होने वाली विशाल बोल बम कांवर यात्रा महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने यात्रा की तैयारियों, धार्मिक महत्व और आयोजन की रूपरेखा से भी अवगत कराया। जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन के तीसरे सोमवार को पाटन से टोलाघाट तक हजारों शिवभक्तों की सहभागिता से भव्य कांवर यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा, अनुशासन और जनआस्था का विराट उत्सव है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए पैदल यात्रा करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सहायता, पेयजल, भोजन, विश्राम, सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए बोल बम कांवर यात्रा समिति और संयोजक जितेन्द्र वर्मा को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
‘एक मुट्ठी दान, भगवान शंकर के नाम’ अभियान
कांवर यात्रा के अवसर पर समिति द्वारा “एक मुट्ठी दान, भगवान शंकर के नाम” अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत श्रद्धालु स्वेच्छा से एक मुट्ठी अन्नदान कर महाप्रसाद निर्माण में सहयोग कर रहे हैं। यात्रा के समापन पर टोलाघाट में हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। समिति ने बताया कि इस वर्ष भी 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *