पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम घुघुवा में श्री रावतपुरा सरकार महाविद्यालय के फार्मेसी संकाय के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का समापन समारोह बुधवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पाटन के सभापति प्रणव शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर ग्राम सरपंच शैलेन्द्री साहू, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिविर प्रभारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, नशामुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मतदाता जागरूकता जैसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने श्रमदान कर गांव की गलियों, विद्यालय परिसर एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रणव शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। युवा ही देश का भविष्य हैं और ऐसे शिविर उन्हें समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्पण एवं सेवाभाव का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में शिविर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।