बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए छत्तीसगढ़ तैयार करेगा देश का पहला बाल कल्याण फ्रेमवर्क, बस्तर-सरगुजा पर रहेगा विशेष फोकस

रायपुर। विकसित छत्तीसगढ़ @2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक अभिनव पहल करने जा रही है। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयास से देश में अपनी तरह का पहला बाल कल्याण फ्रेमवर्क (Child Wellbeing Framework) तैयार किया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी, परिणामोन्मुखी और साक्ष्य आधारित बनाया जाएगा।

इसी सिलसिले में नवा रायपुर स्थित राज्य नीति आयोग में आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय गोलमेज बैठक आयोजित हुई। इसमें यूनिसेफ के वैश्विक एवं राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ विभिन्न विभागों के सचिवों, विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बाल कल्याण फ्रेमवर्क की आधारभूत रिपोर्ट, बच्चों के विकास से जुड़े सूचकांकों, विभागीय समन्वय और लक्षित बजट व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

2047 के विकसित छत्तीसगढ़ की नींव बनेंगे आज के बच्चे

राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ @2047 का सपना तभी साकार होगा, जब वर्तमान पीढ़ी के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्याप्त पोषण और सुरक्षित वातावरण मिलेगा। प्रदेश के लगभग 97 लाख बच्चे वर्ष 2047 में राज्य के किसान, शिक्षक, चिकित्सक, इंजीनियर, वैज्ञानिक और उद्यमी बनकर विकास में योगदान देंगे। इसलिए बच्चों पर आज किया गया निवेश प्रदेश के भविष्य की मजबूत आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में बच्चों के विकास से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर योजनाओं और संसाधनों का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना आवश्यक है। प्रस्तावित फ्रेमवर्क यह भी आकलन करेगा कि कौन से बच्चे विकास की मुख्यधारा से पीछे हैं, सरकारी सेवाएं उन तक पहुंच रही हैं या नहीं और उपलब्ध बजट का कितना प्रभावी उपयोग हो रहा है।

दो सूचकांकों से होगा बच्चों के विकास का आकलन

प्रस्तावित बाल कल्याण फ्रेमवर्क में दो प्रमुख सूचकांक शामिल होंगे। पहला परिणाम सूचकांक (Outcome Index), जिसके माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और समग्र विकास की स्थिति का आकलन होगा। वहीं दूसरा सेवा प्राप्ति सूचकांक (Attainment Index) यह बताएगा कि बच्चों को उनकी आयु और जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सेवाएं मिल रही हैं या नहीं।

यूनिसेफ के विशेषज्ञों ने मैक्सिको, मलेशिया, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, चिली, कोलंबिया और अन्य देशों के उदाहरणों के माध्यम से बताया कि विभागीय समन्वय और लक्षित वित्तपोषण से बाल कल्याण योजनाओं के परिणामों में सुधार किया जा सकता है।

12 से अधिक विभागों के बीच बनेगा समन्वय, एक जिले में होगा पायलट प्रोजेक्ट

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि बच्चों के विकास से जुड़े 12 से अधिक विभागों की योजनाओं और सेवाओं को एक साझा व्यवस्था से जोड़ा जाए। इसके लिए विभिन्न विभागों के आंकड़ों का एकीकरण, बजट का विश्लेषण और जरूरत के अनुसार संसाधनों का आवंटन किया जाएगा। फ्रेमवर्क को प्रदेशव्यापी लागू करने से पहले एक जिले में पायलट परियोजना के रूप में क्रियान्वित करने की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।

वित्त विभाग की विशेष सचिव शीतल शाश्वत वर्मा ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण पर किया गया निवेश सामाजिक दायित्व के साथ राज्य की आर्थिक उत्पादकता और मानव संसाधन की गुणवत्ता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण आधार है। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक रेणुका श्रीवास्तव ने बस्तर में पोषण संबंधी चुनौतियों के समाधान और सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर सुझाव दिए।

बैठक में राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. के. सुब्रमण्यम, यूनिसेफ की वरिष्ठ सलाहकार जेनिफर याब्लोंस्की, क्रिस्टीना पोपिवानोवा, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की प्रमुख सीमा कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। व्यापक विचार-विमर्श के बाद फ्रेमवर्क को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उम्मीद जताई गई कि छत्तीसगढ़ की यह पहल भविष्य में अन्य राज्यों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *