रायपुर, 26 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को सदन में ड्रग्स से जुड़े मामलों पर तीखी बहस देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चर्चित नव्या मलिक प्रकरण को उठाते हुए सरकार से विस्तृत जानकारी की मांग की। पूर्व सीएम ने सवाल किया कि क्या नव्या मलिक का मामला राज्य में दर्ज 282 ड्रग्स प्रकरणों में शामिल है या नहीं। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि इस मामले में अब तक क्या जांच और कार्रवाई की गई है। बघेल ने कहा कि प्रदेश में मादक पदार्थों के बढ़ते मामलों को लेकर आम जनता में चिंता का माहौल है और सरकार को पारदर्शिता के साथ स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने सदन में पूछा कि कुल 282 ड्रग्स मामलों में अब तक कितने आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और कितने मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। विशेष रूप से नव्या मलिक प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह मामला लगातार चर्चा में है, ऐसे में सरकार को तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सदन में उठे सवालों का जवाब देते हुए गृह मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जांच एजेंसियां किसी विशेष नाम को ध्यान में रखकर कार्रवाई नहीं करतीं, बल्कि सभी मामलों में समान रूप से विधिसम्मत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नव्या मलिक प्रकरण की जानकारी भी सदन को उपलब्ध कराई जाएगी और आवश्यक परीक्षण कराया जाएगा। गृह मंत्री ने कानून-व्यवस्था से जुड़े आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि राज्य में स्थिति नियंत्रण में है। उनके अनुसार पिछले 13 महीनों में हत्या के मामलों में लगभग तीन प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, वहीं लूट के मामलों में भी करीब तीन प्रतिशत की गिरावट आई है। उन्होंने दावा किया कि जघन्य अपराधों में वृद्धि नहीं बल्कि कमी आई है।