रायपुर, 26 फरवरी 2026। प्रदेश के स्कूलों में वार्षिक परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ (डीपीआई) ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर दिया है। जारी निर्देशों के अनुसार कक्षा पहली, दूसरी, तीसरी, चौथी, छठी, सातवीं, नौवीं और ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से प्रारंभ होकर 10 अप्रैल के बीच संपन्न कराई जाएंगी। डीपीआई ने सभी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय (डीईओ) को परीक्षा कार्यक्रम समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि निर्धारित तिथियों में किसी भी परिस्थिति में बदलाव नहीं किया जाएगा। परीक्षा संचालन के दौरान गोपनीयता, अनुशासन और शुचिता बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। परीक्षा तिथि घोषित होने के साथ ही स्कूलों में तैयारियां तेज हो गई हैं और विद्यार्थियों ने भी अंतिम तैयारी शुरू कर दी है।