एटीएम लूट की कोशिश नाकाम: CCTV खराब कर मशीन उखाड़ ले गए, पर पड़ोसी जागे तो मेटाडोर और एटीएम छोड़कर फरार

एटीएम लूट की कोशिश नाकाम: CCTV खराब कर मशीन उखाड़ ले गए, पर पड़ोसी जागे तो मेटाडोर और एटीएम छोड़कर फरार

दुर्ग-भिलाई | दुर्ग के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ननकट्ठी में देर रात एटीएम लूट की सनसनीखेज कोशिश हुई। 7–8 बदमाशों की गैंग पहले से प्लानिंग करके पहुंची थी। उन्होंने एटीएम बूथ के सीसीटीवी कैमरों पर केमिकल स्प्रे कर उन्हें काम न करने लायक बना दिया, ताकि वारदात रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद गैस कटर और भारी औजारों की मदद से उन्होंने एटीएम मशीन को उखाड़कर मेटाडोर में लोड भी कर लिया। लेकिन जैसे ही पास के घर में रहने वाला परिवार आवाज़ से जागा और बाहर आया, बदमाश घबरा गए और एटीएम मशीन सहित मेटाडोर को वहीं छोड़कर अंधेरे में फरार हो गए। ◆ ढाई बजे दी वारदात को अंजाम
घटना लगभग रात ढाई बजे की बताई जा रही है। 7 से 8 की संख्या में आए बदमाशों ने पहले कैमरों पर स्प्रे किया और फिर पूरी मशीन उखाड़ ली। पुलिस के अनुसार, जिस मेटाडोर (सीजी 07 एवी 1310) में एटीएम लोड किया गया था, वह भी चोरी की निकली। बदमाशों ने इसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी से कुछ दिन पहले चोरी किया था।

पड़ोसियों ने शोर मचाया, बदमाश भागे
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब वे बाहर निकले तो बूथ का शटर खुला था और वाहन में कुछ लोग मशीन चढ़ाने की कोशिश कर रहे थे।जैसे ही लोगों ने शोर मचाया, बदमाश एटीएम और मेटाडोर छोड़कर भाग निकले।
परिवार के कुछ सदस्यों ने उनका पीछा करने की भी कोशिश की, लेकिन वे घने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

पुलिस ने रात में ही शुरू की जांच
सूचना मिलते ही नंदिनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास के कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया है। एटीएम बूथ से फिंगरप्रिंट और अन्य फॉरेंसिक सबूत भी जुटाए जा रहे हैं।

चोरी की मेटाडोर का इस्तेमाल कर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश
जांच में सामने आया कि बदमाशों ने पहले मेटाडोर चोरी की और फिर उसी वाहन से एटीएम लूटने पहुंचे, ताकि वाहन की ट्रैकिंग मुश्किल हो सके। टीआई पारस ठाकुर ने बताया, “बदमाशों ने पूरी वारदात प्लानिंग से की थी। वाहन चोरी कर लाना, CCTV को खराब करना और मशीन उखाड़ना—सब कुछ एक संगठित गैंग की ओर संकेत करता है।”पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।ननकट्ठी और गनियारी के सीसीटीवी फुटेज में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस कई टीमों को तलाश में भेज चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और फिंगरप्रिंट के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *