प्याज में गांजा, साबुन में नशीली गोलियां छिपाकर सेंट्रल जेल पहुंचाने की कोशिश नाकाम

प्याज में गांजा, साबुन में नशीली गोलियां छिपाकर सेंट्रल जेल पहुंचाने की कोशिश नाकाम

रायपुर। केन्द्रीय जेल रायपुर में बंदियों तक प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के लिए अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों का खुलासा हुआ है। मुलाकात के दौरान परिजनों द्वारा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के भीतर गांजा, नशीली टैबलेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर जेल में पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन जेल प्रशासन की सघन तलाशी और सतर्क सुरक्षा व्यवस्था के चलते सभी प्रयास विफल हो गए। जेल प्रशासन ने बरामद सामग्री जब्त कर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए प्रशासन ने बाहरी दुकानों से आने वाली कुछ चयनित वस्तुओं पर अस्थायी रोक लगाते हुए उन्हें सीधे जेल कैंटीन के माध्यम से उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

बिस्किट के पैकेट में छिपाई जा रही थीं नशीली टैबलेट

जेल अधिकारियों के अनुसार कुछ परिजन सीलबंद बिस्किट पैकेटों को सावधानीपूर्वक खोलकर उनके भीतर नशीली गोलियां और तंबाकू रख देते थे। बाद में पैकेट को दोबारा इस तरह सील किया जाता था कि वह फैक्ट्री पैक जैसा दिखाई दे। प्रथम दृष्टया इन पैकेटों पर संदेह नहीं होता था, लेकिन तलाशी के दौरान जांच में प्रतिबंधित सामग्री बरामद होने के बाद इस तरीके का खुलासा हुआ।

प्याज को खोखला कर भरी जा रही थीं गांजे की पुड़ियां

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ लोग प्याज को भीतर से सावधानीपूर्वक काटकर खोखला कर देते थे। इसके बाद उसके अंदर गांजे की छोटी-छोटी पुड़ियां भरकर ऊपर की सतह को पहले जैसा बना दिया जाता था, ताकि किसी तरह की छेड़छाड़ दिखाई न दे। जेल प्रशासन के अनुसार यह तरीका विशेष रूप से खाद्य सामग्री के जरिए प्रतिबंधित पदार्थ पहुंचाने के लिए अपनाया जा रहा था।

साबुन की टिकिया में भी मिला नशीला सामान

सुरक्षा जांच के दौरान साबुन की टिकिया में छिपाई गई नशीली टैबलेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी बरामद हुई। साबुन को भीतर से काटकर उसमें सामग्री रखी जाती थी और बाद में उसे फिर से इस तरह तैयार किया जाता था कि बाहरी रूप से सामान्य साबुन जैसा ही दिखाई दे।

सुरक्षा बढ़ाने के लिए कैंटीन व्यवस्था लागू

लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित वस्तुओं को अब केवल जेल कैंटीन से उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। हालांकि अन्य स्वीकृत सामग्री पहले की तरह नियमानुसार परिजन उपलब्ध करा सकेंगे। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी है और इसका उद्देश्य केवल प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाना तथा जेल की सुरक्षा और अनुशासन को और अधिक मजबूत बनाना है।

बाजार से कम कीमत पर उपलब्ध होंगी वस्तुएं

प्रशासन के अनुसार जेल कैंटीन में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी वस्तुएं गुणवत्तापूर्ण होंगी और उनकी कीमतें सामान्य बाजार दरों से कम रखी गई हैं, ताकि बंदियों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। जेल प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में मुलाकात के दौरान जांच प्रक्रिया को और अधिक सख्त किया जाएगा तथा संदिग्ध पैकेट, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की विशेष स्क्रीनिंग की जाएगी। इससे जेल परिसर में नशीले पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *