बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के 571 खिलाड़ी शामिल; बहतराई में खेल, संस्कृति और देशभक्ति का दिखा संगम
बिलासपुर, 7 अक्टूबर 2026। बहतराई स्थित स्व. बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रदेश के पांचों संभागों से पहुंचे 571 खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। उद्घाटन समारोह में खेल प्रतिभाओं के उत्साह के साथ देशभक्ति और सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रंग-बिरंगे गुब्बारों का गुच्छा आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।
बेटियों की प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम में पीएम श्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता वंदना सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भीषण गर्मी और तपती जमीन के बावजूद छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रस्तुति दी, जिसकी अतिथियों और दर्शकों ने सराहना की।.बालिकाओं की प्रस्तुति से प्रभावित होकर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने ₹11 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेटियों ने जिस उत्साह और समर्पण के साथ प्रस्तुति दी, वह सराहनीय है।
‘बहतराई साधारण मैदान नहीं, प्रतिभाओं की उर्वर धरती’
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बहतराई खेल परिसर को प्रतिभाओं को निखारने वाली उर्वर धरती बताया। उन्होंने खेलों को व्यक्तित्व निर्माण और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।.उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। अरुण साव ने बहतराई से निकली खेल प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मैदान ने ऐसे खिलाड़ियों को अवसर दिया है जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
विधायक सुशांत शुक्ला बोले—खेल में कोई हारता नहीं
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में कोई हारता नहीं है, खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।.उन्होंने बहतराई खेल परिसर के उन्नयन की दिशा में हरसंभव सहयोग की बात कही और इसे मध्य भारत के प्रमुख खेल संस्थानों में विकसित करने की दिशा में प्रयास की जरूरत बताई।
7 से 10 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 7 से 10 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में शामिल खेल—
- तीरंदाजी: 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग
- हॉकी: 19 वर्ष आयु वर्ग
- कबड्डी: 19 वर्ष बालक वर्ग
मुकाबले बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में आयोजित किए जाएंगे।
पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने किया मार्च पास्ट
उद्घाटन समारोह में बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग से पहुंचे 571 खिलाड़ियों ने अनुशासन और जोश के साथ मार्च पास्ट किया। खिलाड़ियों के मार्च पास्ट ने पूरे खेल परिसर में उत्साह का माहौल बना दिया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए स्कूली खिलाड़ी तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे, भाजपा शहर अध्यक्ष दीपक सिंह, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला शिक्षा विभाग एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और दर्शक मौजूद रहे।