CG में 38 स्थानों पर बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’, रायपुर का तेलीबांधा चौक भी होगा शामिल, CM साय ने विकसित भारत संकल्प सभा में की घोषणा

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी सेवा ज्योति संकल्प चौक के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। इनके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश मिलेगा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया।

25 वर्षों की जनसेवा को बताया प्रेरक यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में प्रदेशभर में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित किए गए। मुख्यमंत्री के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिक लगातार सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ रहे हैं।

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। उन्होंने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

वैश्विक निवेश और अवसरों से जुड़ रहा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच के अनुरूप राज्यों को भी दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करने चाहिए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में भागीदारी के लिए चुना गया था। साय ने कहा कि सिंगापुर प्रवास के दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश, तकनीक, कौशल और साझेदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

बृजमोहन अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता कर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *