रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना या बिजली बिल के पंजीयन और भुगतान के नाम पर आने वाले किसी भी अनजान व्हाट्सएप, ईमेल या एसएमएस लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि ऐसे लिंक साइबर ठगों द्वारा भेजे जा सकते हैं। कंपनी के अनुसार बिजली बिल के भुगतान और अन्य सेवाओं के लिए केवल आधिकारिक Mor Bijlee App का ही उपयोग करें। यह ऐप सिर्फ Play Store या App Store से ही डाउनलोड किया जाना चाहिए। किसी भी अन्य वेबसाइट, लिंक या APK फाइल पर भरोसा न करने की सलाह दी गई है। Bhim Singh, प्रबंध निदेशक, Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी और लाभ आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए कंपनी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में शिविर भी लगाए जाएंगे।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से कहा है कि बिजली बिल या पंजीयन राशि का भुगतान केवल मोर बिजली ऐप, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी सेंटर या नजदीकी विद्युत कार्यालय में ही करें। किसी भी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान न करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा कंपनी ने बताया कि बिल भुगतान या अन्य सूचनाएं केवल CSPDCL-S सेंडर आईडी से ही भेजी जाती हैं। किसी अन्य स्रोत से प्राप्त संदेशों पर भरोसा न करें।
यदि उपभोक्ताओं को योजना, भुगतान या बिजली सेवाओं से संबंधित कोई जानकारी चाहिए, तो वे केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी विद्युत कार्यालय में जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पॉवर कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें और केवल अधिकृत माध्यमों से ही बिजली बिल का भुगतान करें।