जामगांव आर । पाटन ब्लॉक के ग्राम बेल्हारी निवासी और पेशे से चिकित्सक रेवाराम साहू से नर्सिंग एडमिशन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी अनुप घोष को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मामले की रिपोर्ट रेवाराम साहू ने 2 अक्टूबर 2019 को थाना रानीतराई में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी पुत्री को बीएससी नर्सिंग में दाखिला दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने उनसे 21 जून 2019 से 16 अगस्त 2019 के बीच अलग-अलग खातों में कुल 7,91,000 रुपये जमा करवा लिए थे। रकम हड़पने के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और बैंक खातों की जांच कर उसका पता पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में लगाया। रानीतराई थाना पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल जाकर आरोपी अनुप घोष (पिता सोलेन घोष, उम्र 42 वर्ष, ग्राम गोरंगपुर, थाना भद्रेश्वर, पोस्ट बीघाटी, जिला हुगली) को गिरफ़्तार किया। मामले में संलग्न अन्य आरोपियों की तलाश जारी है ।