बेमेतरा बायपास से बदलेगी विकास की तस्वीर : सांसद विजय बघेल ने प्रगति पथ यात्रा’ के तहत गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां, कहा- विकास और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा गया

बेमेतरा बायपास से बदलेगी विकास की तस्वीर : सांसद विजय बघेल ने प्रगति पथ यात्रा’ के तहत गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां, कहा- विकास और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा गया

दुर्ग । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “प्रगति पथ यात्रा – 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर निर्माणाधीन बेमेतरा बायपास परियोजना का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा।

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किलोमीटर 290.747 से 295.180 तक लगभग 4.43 किलोमीटर लंबाई में चार लेन पेव्ड शोल्डर एवं सर्विस रोड सहित बेमेतरा बायपास का निर्माण कार्य किया जा रहा है। परियोजना की स्वीकृत लागत 161.96 करोड़ रुपये है, जबकि अनुबंध राशि 95 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य का दायित्व आलोक बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड, दुर्ग को सौंपा गया है तथा इसे वर्ष 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। यह बायपास क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है, जो उनके जनहितकारी कार्यों और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण है।

सांसद बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सहकारिता और सड़क निर्माण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। आज देशभर में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है और अधिकांश राज्यों में भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों की सरकारें इस विकास यात्रा को गति दे रही हैं। उन्होंने बताया कि बेमेतरा बायपास परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रस्ताव रखा था, जिसके सकारात्मक परिणाम आज दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भी विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है तथा केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, विजय सिन्हा, हर्षवर्धन तिवारी, राजेंद्र शर्मा, अंजु बघेल, युगल देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में विजय सिन्हा ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *