
बचपन का सपना हुआ साकार, सेना में चयन से गांव में खुशी की लहर
जामगांव आर। समीपस्थ ग्राम भनसूली आर निवासी पंकज चेलक का भारतीय सेना के अग्निवीर योजना के तहत चयन हुआ है। पंकज की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।बताया गया कि पंकज बचपन से ही भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का सपना देखते थे। उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है।
पंकज, अश्वनी चेलक एवं लता चेलक के पुत्र हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर माता-पिता ने खुशी जाहिर करते हुए इसे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। गांव के लोगों ने भी पंकज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।