
राहगीरों को मिल रहा शीतल पेयजल, बच्चों को भी पिलाया ठंडा पानी
पाटन। भीषण गर्मी और नवतपा की तपिश के बीच जनपद पंचायत पाटन के सभापति एवं युवा भाजपा नेता प्रणव शर्मा द्वारा जनसेवा की अनूठी पहल की गई है। क्षेत्र के ग्राम घुघुवा(क) चौक पर राहगीरों और ग्रामीणों के लिए प्याऊ घर की स्थापना कर शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है।
बताया गया कि घुघुवा(क) आसपास के कई गांवों का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। चौक में ठंडे पेयजल की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए प्रणव शर्मा ने मिट्टी के घड़ों के माध्यम से शीतल जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू कराई।
प्याऊ घर के माध्यम से रोजाना राहगीरों, ग्रामीणों और आम जनता को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान योग सीड संस्था के अंतर्गत प्रतिदिन योग और ध्यान करने वाले छोटे बच्चों को भी शीतल जल पिलाया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस तरह की व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।