भिलाई, 8 अक्टूबर 2026। भिलाई श्रमिक सभा (एचएमएस) ने कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर सेल अध्यक्ष, नई दिल्ली के नाम 11 सूत्रीय मांग पत्र दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल को उनके सेक्टर-5 स्थित निवास पर सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांगों पर प्रबंधन द्वारा शीघ्र सकारात्मक पहल किए जाने की अपेक्षा जताई। भिलाई श्रमिक सभा ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र सहित सेल की निरंतर प्रगति में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में लंबे समय से लंबित मांगों का निराकरण करते हुए कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन एवं बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
मांग पत्र में पिछले वेतन समझौते के अनुसार 39 माह के बकाया एरियर्स सहित अन्य लंबित मामलों का शीघ्र भुगतान, नए वेतन समझौते के लिए कमेटी गठित कर समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करने, मंथली इंसेंटिव स्कीम में बदलाव कर इंसेंटिव बढ़ाने तथा सेल के संयंत्रों में टेक्नीशियन एवं अटेंडेंट पदों पर कर्मचारियों की भर्ती तत्काल शुरू करने की मांग की गई।
इसके अलावा जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र को निजी हाथों में नहीं देने, पैरामेडिकल स्टाफ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती कर चिकित्सा सुविधाओं में सुधार, बोनस (एक्सग्रेशिया) के नियमों में संशोधन कर सम्मानजनक बोनस देने की मांग रखी गई। टाउनशिप के जर्जर आवासों को गिराकर नए बीएचके आवासों का निर्माण, कर्मचारियों के लिए क्लबों का पुनर्निर्माण एवं विकास, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मेडिक्लेम का भुगतान तथा इलाज में किसी तरह का भेदभाव नहीं करने की मांग भी मांग पत्र में शामिल है। साथ ही रिटेंशन स्कीम पुनः शुरू करने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए लाइफटाइम स्कीम लागू करने की मांग की गई।
ठेका श्रमिकों के लिए केंद्रीय वेतनमान लागू करने तथा उन्हें सुरक्षा प्रशिक्षण के साथ आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी श्रमिक सभा ने उठाई है। भिलाई श्रमिक सभा ने प्रबंधन से सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। संगठन का कहना है कि लंबित मांगों के निराकरण से कर्मचारियों में विश्वास का वातावरण मजबूत होगा और भिलाई इस्पात संयंत्र की कार्यक्षमता एवं प्रगति को और गति मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में भिलाई श्रमिक सभा (एचएमएस) यूनियन के अध्यक्ष एच.एस. मिश्रा, कार्यवाहक अध्यक्ष पी.एस. चंदेल, महासचिव डी.के. सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जी. जोगेन्दर राव, अशोक पंडा, उपाध्यक्ष देशराज प्रसाद, एन.के. सिंह, उपमहासचिव धनीराम सोनवानी, अनिल कुमार जैन, वरिष्ठ सचिव वी.के. पटेल, टीकाराम साहु, सचिव डी.एल. पटेल, इकबाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।