भिलाई के मुस्कान दिव्यांग स्कूल में गूँजी मुस्कान, सांसद विजय बघेल बने बच्चों के हमसफ़र

भिलाई। भिलाई स्थित मुस्कान दिव्यांग स्कूल, सेक्टर-2 में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। त्रिविधा विकास समिति द्वारा संचालित इस विद्यालय एवं पुनर्वास केंद्र में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग सांसद विजय बघेल पहुँचे। कार्यक्रम में श्री बघेल ने दिव्यांग विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया। विद्यालय परिसर में चल रही पढ़ाई-लिखाई और प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन कर उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा— “समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही सच्ची मानवता है। मुस्कान दिव्यांग स्कूल इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।”सांसद ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की और बिस्कुट-चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की चमक साफ दिखाई दी।

अपने उद्बोधन में श्री बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सोच का उल्लेख करते हुए कहा—”हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इन बच्चों को ‘दिव्यांग’ नाम देकर उन्हें नई पहचान दी है। जो बच्चे आंखों से नहीं देख सकते, वे मन की आंखों से दुनिया देखते हैं। उनमें अपार प्रतिभा होती है, जो हमें हर बार चौंकाती है।” सांसद ने संस्था की शिक्षिकाओं की भूमिका को भी विशेष रूप से सराहा। उन्होंने कहा कि शिक्षिकाएं इन बच्चों का पालन-पोषण ऐसे करती हैं मानो वे ‘मां यशोदा’ हों। यह भावना समाज के लिए अनुकरणीय है। श्री बघेल ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया, जो सभी के लिए एक अविस्मरणीय पल बन गया।

इस अवसर पर संस्था के निदेशक अनिल बंसल, सुधीर जोशी, अशोक गुप्ता, अजयकांत भट्ट ने उनका स्वागत किया और विद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया। वरिष्ठ समाजसेवी सुधीर बंसल की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ा दी।

कार्यक्रम में कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। आयोजन ने यह संदेश दिया कि समाज में सबको साथ लेकर चलने की भावना ही सच्ची मानवता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *