कवर्धा। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे संविधान बचाओ अभियान के तहत कबीरधाम जिले के ग्राम पोंडी में जिलास्तरीय रैली आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शामिल होकर केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए।
कार्यक्रम की शुरुआत “जय बापू, जय भीम, जय संविधान” के नारों के साथ करते हुए बघेल ने कहा कि “आज देश का संविधान खतरे में है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक कर रहे हैं।”
आतंकी हमले पर उठाए सवाल
बघेल ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि “घटना को एक महीना होने को है, लेकिन अब तक 26 निर्दोषों की हत्या करने वाले आतंकवादी न तो पकड़े गए, न मारे गए। आखिर वे बचकर कैसे निकल गए?”
भाजपा नेताओं को बताया बेतरतीब
उन्होंने कहा कि “हम सेना के साथ खड़े हैं, जो ईमानदारी से अपना काम कर रही है, लेकिन सरकार अपना कर्तव्य निभाने में असफल रही है। भाजपा नेताओं की जुबान बेलगाम है। दुख की बात है कि संवेदनशील मामलों में भी मर्यादा का ख्याल नहीं रखा जा रहा।”
किसानों की दुर्दशा पर चिंता
किसानों की समस्याओं पर बात करते हुए बघेल ने कहा कि “22 मई तक किसान खाद-बीज ले लिया करते थे, लेकिन इस बार सोसायटियों में खाद का नामोनिशान नहीं है। ये दुर्भाग्य है कि यह उपमुख्यमंत्री का क्षेत्र होते हुए भी यहां नकली खाद धड़ल्ले से बिक रही है। सरकार किसानों के साथ धोखाधड़ी कर रही है।”
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। रैली के माध्यम से संविधान, किसान और देश की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया गया।