
तीन कर्मचारियों ने तैरकर बचाई जान, 10-12 फीट पानी के बीच SDRF और पुलिस का रेस्क्यू जारी
बलौदाबाजार, 8 जुलाई 2026। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अचानकपुर के पास स्थित खोरसी नाला में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बिजली विभाग के कर्मचारियों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन उफनते नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि एक व्यक्ति के वाहन में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है। चालक ने तेज बहाव के बावजूद पिकअप को नाला पार कराने का प्रयास किया, लेकिन पानी की तेज धारा में वाहन अनियंत्रित होकर करीब 800 मीटर तक बह गया। हादसे के बाद वाहन में सवार तीन कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए तैरकर अपनी जान बचा ली। हालांकि एक व्यक्ति के लापता होने की आशंका के चलते प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। नाले में 10 से 12 फीट से अधिक पानी होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर लापता व्यक्ति की तलाश और वाहन को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। प्रशासन ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।