दुर्ग। सायबर अपराधों पर रोकथाम के लिए की जा रही सतत कार्रवाई के तहत मोहन नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सायबर धोखाधड़ी में संलिप्त 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय सायबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C) के “समन्वय पोर्टल” से प्राप्त जानकारी के आधार पर की गई।पोर्टल द्वारा साझा किए गए डेटा में ऐसे म्यूल बैंक खातों का पता चला, जिनका उपयोग सायबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि को खर्च करने, स्थानांतरित करने और बढ़ाने के लिए किया जा रहा था। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कर्नाटक बैंक, मोहन नगर शाखा के कुल 22 बैंक खातों में लगभग 11 लाख रुपये की संदिग्ध राशि जमा हुई है, जो विभिन्न ऑनलाइन ठगी प्रकरणों से जुड़ी हुई थी।
इन खातों के धारकों एवं सहयोगियों द्वारा धोखाधड़ी की राशि का उपयोग किए जाने की पुष्टि होने पर 03 नवंबर 2025 को थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 593/2025 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 317(2), 317(4), 318(4), 111, 3(5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीम ने खाताधारकों का पता लगाकर अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। शेष संदिग्ध खातों और संबद्ध व्यक्तियों की तलाश जारी है।मोहन नगर पुलिस का यह अभियान सायबर अपराधों के जाल में शामिल म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो भविष्य में ऑनलाइन धोखाधड़ी नेटवर्क को कमजोर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।