बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक बैगा ने सब इंस्पेक्टर की पत्नी को काला जादू होने का भय दिखाकर ठगी का शिकार बनाया। तांत्रिक क्रिया व पूजा के नाम पर महिला से नगदी और जेवरात लेकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बैगा सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम झलमला की है। जानकारी के अनुसार, बिरनपुर हिंसा में घायल हुए सब इंस्पेक्टर का परिवार इसी गांव में रहता है। घटना के बाद से सब इंस्पेक्टर लगातार बीमार रहने लगे, जिससे उनकी पत्नी धनेश्वरी ठाकुर चिंतित रहती थीं। इसी बीच सितंबर माह में घर आई एक महिला ने तीखुर बेचने के बहाने परिवार की स्थिति देखी और दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र से बीमारी ठीक कर सकती है। इसके बाद 26 सितंबर को वह महिला एक अन्य महिला और बैगा को साथ लेकर दोबारा घर पहुंची।
• काला जादू का डर दिखाकर ऐसे की गई ठगी
धनेश्वरी ठाकुर ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनके पति पर “काला जादू” होने की बात कहकर उन्हें डरा दिया। आरोपी महिला ने कहा कि समय रहते विशेष पूजा करने पर बीमारी दूर हो जाएगी, अन्यथा हालात बिगड़ सकते हैं। पूजा का झांसा देकर आरोपियों ने पीढ़ा (लौंग रखने का पात्र) में नगदी और जेवरात रखने को कहा। तांत्रिक क्रिया का नाटक करते हुए मौका मिलते ही तीनों आरोपी पैसा व जेवर लेकर फरार हो गए। महिला को ठगी का अहसास होने पर उसने तुरंत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
•तीन आरोपी गिरफ्तार
एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने बताया कि जांच में गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरी निवासी—बैगा रवि नेताम,रीना नेताम,पदमा मंडावी के ठगी में शामिल होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।