रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सीनियर आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक महिला के साथ कथित अशोभनीय चैट के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है। सरकारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित अधिकारी ने अपने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं किया और नैतिकता के विरुद्ध व्यवहार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का निर्णय लिया।
आचरण नियमों का उल्लंघन
जांच में पाया गया कि अधिकारी का कृत्य अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन है। इसमें विशेष रूप से नियम 3(1-क), नियम 2(ख) और नियम 17-क के तहत अनुशासनहीनता और पद के दुरुपयोग की बात सामने आई है।
वायरल चैट से बढ़ा मामला
बताया जा रहा है कि महिला के साथ कथित आपत्तिजनक चैट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद सरकार ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल जांच शुरू कराई, जिसमें आचरण संबंधी अनियमितताओं के संकेत मिले।
सरकार का सख्त संदेश
इस कार्रवाई को प्रशासनिक स्तर पर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि उच्च पदों पर आसीन अधिकारियों के लिए अनुशासन और मर्यादा सर्वोपरि है। नियमों के उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।