छत्तीसगढ़ में अनोखी शादी: एक दूल्हा, दो दुल्हनें और एक ही मंडप में सात फेरे, देखने उमड़ा पूरा गांव

YC न्यूज़ डेस्क। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र से एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। फरसगांव ब्लॉक के बैलगांव में 24 मार्च को एक युवक ने एक नहीं बल्कि दो दुल्हनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेकर विवाह रचा लिया। जानकारी के अनुसार इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि दूल्हे और दोनों दुल्हनों के बीच इस रिश्ते को लेकर पूरी सहमति थी। तीनों परिवारों ने आपसी समझ और सामाजिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए इस रिश्ते को स्वीकार किया और एक ही मंडप में विवाह संपन्न कराया।

इस अनोखी शादी के लिए बाकायदा निमंत्रण पत्र भी छपवाए गए थे, जिनमें दूल्हे के साथ दोनों दुल्हनों के नाम शामिल किए गए। इसी कार्ड के माध्यम से रिश्तेदारों और परिचितों को आमंत्रित किया गया था।जैसे ही गांव में इस अनोखी शादी की खबर फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण विवाह समारोह को देखने पहुंच गए। हल्दी से लेकर फेरे तक सभी रस्में पारंपरिक ढंग से निभाई गईं और पूरा माहौल उत्सव जैसा रहा। विवाह के बाद दूल्हा और दोनों दुल्हनों ने डीजे की धुन पर जमकर डांस किया, जिसमें बारातियों और ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहली बार इस तरह का विवाह देखा है, जिसके चलते यह शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *