छत्तीसगढ़ में अवैध कोयला खनन पर बड़ा एक्शन,संयुक्त टीम की छापेमारी ! सुरंगों में घुसकर तोड़ा अवैध नेटवर्क,6 टन से ज्यादा कोयला जब्त

रायपुर/कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पटना तहसील अंतर्गत देवखोल जंगल में अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज, वन, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए मौके से 6 टन 61 किलो अवैध कोयला जब्त किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 150 बोरियों में भरा कोयला बरामद किया। अधिकारियों ने अवैध सुरंगों के भीतर घुसकर ऑपरेशन चलाया और कई सुरंगों को ध्वस्त कर दिया। मौके से फावड़ा, गेती, विद्युत पंप, पाइप और बड़ी मात्रा में बिजली के तार भी जब्त किए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि खनन संगठित तरीके से किया जा रहा था।
प्रशासन ने मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 की धारा 71 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वन विभाग के अनुसार, देवखोल क्षेत्र में पहले भी अवैध खदानों को बंद किया जा चुका है, लेकिन बार-बार सुरंगें खोलकर खनन शुरू कर दिया जाता है। हाल ही में पटना पुलिस द्वारा भी 3 टन से अधिक कोयला जब्त किया गया था। प्रशासन ने ग्रामीणों से इस जोखिमपूर्ण गतिविधि से दूर रहने की अपील की है और वैकल्पिक रोजगार के लिए योजनाओं का लाभ लेने की बात कही है। वी-बीजी रामजी योजना के तहत क्षेत्र में रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे लोगों को अवैध कार्यों से दूर रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *