
दुर्ग। पाटन अनुभाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य, बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले थाना प्रभारियों को सम्मानित किया गया। एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए पाटन थाना निरीक्षक राजेश मिश्रा, अमलेश्वर थाना प्रभारी बसंत बघेल, जामगांव आर थाना प्रभारी तारिक खान तथा उतई थाना निरीक्षक मोहन भारद्वाज को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों का सम्मान न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि अन्य पुलिसकर्मियों को भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। पाटन अनुभाग के थाना प्रभारियों को मिले इस सम्मान से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। सम्मानित अधिकारियों ने भी पुलिसिंग को और बेहतर बनाने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।