
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग-भिलाई की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। शहर की प्रमुख सड़कों पर बढ़ते जाम, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों और सड़क किनारे ठेले-गुमटी लगने से हो रही परेशानी को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है। आने वाले दिनों में अवैध पार्किंग, सड़क अतिक्रमण और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात विभाग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से नाबालिग वाहन चालकों, बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों और जरूरी दस्तावेज नहीं रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम स्कूलों तक पहुंचकर चालानी कार्रवाई कर रही है और नाबालिग वाहन चालकों के माता-पिता को बुलाकर समझाइश भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समझाइश के बाद भी नियमों का उल्लंघन जारी रहा तो अभिभावकों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर सख्ती
पुलिस के अनुसार शहर के कई व्यस्त इलाकों में सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और शाम के समय ट्रैफिक की गति प्रभावित होती है। अब नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटाने और चालानी कार्रवाई करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पहले वाहन मालिकों को चेतावनी और समझाइश दी जाएगी, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वालों पर सीधे जुर्माना लगाया जाएगा।
फ्लाईओवर के नीचे लगे ठेले-गुमटी भी हटेंगे
दुर्ग, भिलाई और चरोदा क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे तथा मुख्य सड़कों के किनारे लगे ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानों को भी ट्रैफिक बाधा का बड़ा कारण माना जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम और संबंधित थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। रोजी-रोटी के लिए सड़क किनारे व्यवसाय करने वालों को पहले वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने और ट्रैफिक बाधित नहीं करने की समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस जारी
पुलिस ने उन कॉम्प्लेक्स और दुकानदारों पर भी निगरानी शुरू कर दी है जिनके यहां पार्किंग की व्यवस्था होने के बावजूद ग्राहक सड़क पर वाहन खड़े करते हैं। ऐसे कॉम्प्लेक्स संचालकों और व्यापारियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पार्किंग सुविधा उपलब्ध होने के बाद भी सड़क पर वाहन खड़े कर ट्रैफिक बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जागरूकता और कार्रवाई दोनों साथ-साथ
भिलाई, दुर्ग और चरोदा क्षेत्र में यातायात पुलिस की चेकिंग लगातार जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। हेलमेट, लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और पार्किंग नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आने वाले दिनों में नाबालिग वाहन चालकों, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और ट्रैफिक में बाधा डालने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, जाम की समस्या कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।