आत्मानंद स्कूलों में भर्ती का बड़ा बदलाव, अब राज्य स्तरीय सीबीटी से होगी भर्ती:पूरे प्रदेश के लिए होगी एक परीक्षा

आत्मानंद स्कूलों में भर्ती का बड़ा बदलाव, अब राज्य स्तरीय सीबीटी से होगी भर्ती:पूरे प्रदेश के लिए होगी एक परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब तक जिला स्तर पर मेरिट सूची के आधार पर होने वाली नियुक्तियों की जगह पूरे प्रदेश के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा के आधार पर राज्य स्तरीय मेरिट सूची तैयार होगी और उसी के अनुसार अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी जाएंगी। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने भर्ती परीक्षा आयोजित कराने के लिए परीक्षा एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल पर टेंडर जारी किया गया है। एजेंसी के चयन के बाद ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे और फिर राज्यभर में सीबीटी परीक्षा आयोजित होगी।

सभी अभ्यर्थियों के लिए एक समान परीक्षा

अब तक अलग-अलग जिलों में जिला स्तर पर भर्ती प्रक्रिया संचालित होती थी, जिससे चयन में विसंगतियों और असमानता की शिकायतें सामने आती थीं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पूरे प्रदेश के सभी अभ्यर्थियों को एक ही परीक्षा देनी होगी। राज्य स्तरीय मेरिट के आधार पर नियुक्तियां होने से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समान अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इन पदों पर होगी भर्ती

नई भर्ती प्रक्रिया के तहत व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, कंप्यूटर शिक्षक, प्रधान पाठक (प्राथमिक), व्यायाम शिक्षक, विज्ञान प्रयोगशाला सहायक, सहायक ग्रेड-3, भृत्य और चौकीदार सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। पूरी प्रक्रिया का संचालन लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा किया जाएगा।

पदों के अनुसार तय की गई योग्यता

व्याख्याता पद के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर के साथ बीएड अनिवार्य होगा। शिक्षक पद के लिए स्नातक, डीएलएड या बीएड के साथ सीजी-टीईटी उत्तीर्ण होना जरूरी रहेगा। सहायक शिक्षक पद के लिए 12वीं के साथ डीएलएड अथवा बीएड और प्राथमिक स्तर की पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। अन्य पदों के लिए शासन द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता लागू रहेगी।

रायपुर के कई स्कूलों में पद खाली

राजधानी रायपुर के कई स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में लंबे समय से शिक्षक और कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। इनमें पीएमश्री आरडी तिवारी स्वामी आत्मानंद स्कूल, बीपी पुजारी शासकीय आत्मानंद विद्यालय, शहीद स्मारक स्वामी आत्मानंद स्कूल, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल कचना और मानिकपुरी स्थित विद्यालय शामिल हैं। यहां शिक्षक, सहायक शिक्षक, कंप्यूटर शिक्षक, विज्ञान प्रयोगशाला सहायक, व्यायाम शिक्षक, प्रधान पाठक और चपरासी के पद खाली बताए जा रहे हैं।

पुरानी भर्ती प्रक्रिया हुई निरस्त

रायपुर जिले के 31 स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 151 संविदा पदों पर भर्ती के लिए पहले विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन नई भर्ती नीति लागू करने के फैसले के बाद उस प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया। अब सभी अभ्यर्थियों का चयन राज्य स्तरीय सीबीटी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।

शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित

नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बावजूद कई विद्यालयों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। विषय विशेषज्ञों की कमी के कारण नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होने से स्कूलों में रिक्त पद भरने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलने की उम्मीद है।

एजेंसी चयन के बाद जारी होगा शेड्यूल

डीपीआई के अनुसार परीक्षा एजेंसी का चयन पूरा होने के बाद ऑनलाइन आवेदन की तिथियां घोषित की जाएंगी। इसके बाद राज्य स्तर पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित होगी और उसी के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और एक समान बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *