रायपुर में बैंक लूट की बड़ी साजिश नाकाम, SBI स्ट्रांग रूम की सेफ तोड़ने में असफल रहे चोर; CCTV भी क्षतिग्रस्त

रायपुर में बैंक लूट की बड़ी साजिश नाकाम, SBI स्ट्रांग रूम की सेफ तोड़ने में असफल रहे चोर; CCTV भी क्षतिग्रस्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की NIT शाखा में सेंधमारी की बड़ी कोशिश की। सरस्वतीनगर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में अज्ञात आरोपी खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक के भीतर दाखिल हुए और सीधे स्ट्रांग रूम एवं लॉकर रूम को निशाना बनाया। बैंक में घुसने के बाद आरोपियों ने मैनेजर के केबिन से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई जा रही है।

इसके बाद चोरों ने स्ट्रांग रूम के चार ताले और लॉकर रूम का एक ताला तोड़ दिया। आरोपियों ने बैंक की सेफ तोड़कर अंदर रखे कैश तक पहुंचने का प्रयास भी किया, लेकिन वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैंक का कैश और लॉकर सुरक्षित है।
वारदात के दौरान आरोपियों ने बैंक में लगे CCTV कैमरों और सिस्टम को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उनकी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग प्रभावित हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

सरस्वतीनगर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस बैंक एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *