रुद्राक्ष वाटिका से टोला घाट शिव मंदिर तक विकास की मांग, पर्यटन संस्कृति मंत्री अग्रवाल से मिले भाजपा नेता ! रामायण आयोजन और मानस मंडलियों को प्रोत्साहन देने की भी मांग

रुद्राक्ष वाटिका से टोला घाट शिव मंदिर तक विकास की मांग, पर्यटन संस्कृति मंत्री अग्रवाल से मिले भाजपा नेता ! रामायण आयोजन और मानस मंडलियों को प्रोत्साहन देने की भी मांग

जामगांव आर। पाटन क्षेत्र के प्राचीन देव स्थलों के जीर्णोद्धार तथा पर्यटन स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन की मांग को लेकर क्षेत्र के भाजपा नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के संस्कृति, पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल से नवा रायपुर में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न स्थलों के विकास को लेकर मंत्री को ज्ञापन एवं मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में बेल्हारी स्थित जिले की पहली रुद्राक्ष वाटिका के सौंदर्यीकरण, भूतेश्वर महादेव परिसर के विकास, किकीरमेटा स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर तथा टोला घाट के प्राचीन शिव मंदिर सहित अंचल के अन्य देवालयों के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण की मांग प्रमुखता से रखी गई। छत्तीसगढ़ मछुवा कल्याण बोर्ड के सदस्य नेतराम निषाद ने निषाद समाज की ओर से टोला घाट और किकीरमेटा के प्राचीन मंदिरों के संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की मांग रखी।  

सामाजिक कार्यकर्ता मनीष चंद्राकर ने बेल्हारी स्थित जिले की पहली रुद्राक्ष वाटिका एवं भूतेश्वर महादेव परिसर के सौंदर्यीकरण की मांग के साथ राज्य, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर रामायण आयोजन प्रारंभ करने तथा पंजीकृत मानस मंडलियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि रामायण एवं मानस परंपरा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और धार्मिक चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय कलाकारों और मानस मंडलियों को भी मंच मिलेगा। बताया गया कि प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मंत्री अग्रवाल ने संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से आवश्यक जानकारी जुटाकर योजनानुसार कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा मंडल महामंत्री पूर्णेन्द्र सिन्हा,समाजसेवी हलधर महमल्ला एवं मुकेश साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *